शिक्षिका और मुख्याध्यापिका पर दर्ज हुआ गंभीर मामला
चाइल्ड हेल्पलाइन की सतर्कता से खुला स्कूल मारपीट प्रकरण
नागपुर में सामने आई एक घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली बात पर कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा के साथ उसकी शिक्षिका और स्कूल की मुख्याध्यापिका द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला उजागर हुआ है। यह घटना संघर्षनगर, पीली नदी क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की है।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी को हिंदी विषय की कक्षा के दौरान छात्रा ने अपनी सहेली से दर्पण लेकर किसी अन्य छात्रा को दिखाया था। इसी बात से नाराज होकर पहले कक्षा शिक्षिका ने छात्रा को डांटा और बाद में स्कूल की मुख्याध्यापिका नसरीन अख्तर ने छात्रा को कार्यालय में बुलाया। आरोप है कि वहां छात्रा को हाथों से और स्टील की स्केल से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद छात्रा के पिता ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन मामले को गंभीरता से न लेते हुए उसे दबाने का प्रयास किया गया। इसके बाद 25 जनवरी को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तुरंत छात्रा के घर जाकर काउंसिलिंग की और उसका बयान दर्ज किया।
यशोधरानगर पुलिस स्टेशन को सूचना देने के बाद 26 जनवरी को छात्रा की मेयो अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई तथा 27 जनवरी को स्कूल के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए गए। पिता की हिचकिचाहट को देखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन प्रतिनिधि स्वयं फरियादी बने। उनके आवेदन पर शिक्षिका और मुख्याध्यापिका के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।












