लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। सेंसेंक्स 2,072.67 अंक यानी 2.54 फीसदी बढ़कर 83,739.13 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 का सूचकांक 639.15 अंक यानी 2.55 फीसदी बढ़कर 25,727.55 पर बंद हुआ।
BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त पूंजीकरण पिछले सत्र के 455 लाख करोड़ से बढ़कर 467.35 लाख करोड़ रुपये हो गया। एक ही दिन में निवेशकों को 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ हुआ। भारत और अमेरिका के बीच समझौते के तहत, अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ (Reciprocal Tariff) को मौजूदा 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है।
रुपये में ऐतिहासिक तेजी
भारतीय रुपया भी मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 1.22 रुपये या 1.33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 90.27 पर बंद हुआ। यह एशियाई मुद्राओं में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बनकर उभरा। स्वदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के चलते भारतीय रुपया ढाई सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इसमें लगभग 1.5 प्रतिशत की तेजी आई। खास बात यह है कि साल 2014 के बाद किसी भी एक दिन में रुपये में आई यह तीसरी सबसे बड़ी तेजी है।









