नागपुर। जिला परिषद चुनावों में महायुति ने केवल विकास के मुद्दों को लेकर प्रचार किया, जबकि विपक्ष ने नकारात्मकता का रास्ता अपनाया। भाजपा की हार होने पर हमारा कार्यकर्ता आत्ममंथन कर फिर से काम में जुट जाता है, लेकिन कांग्रेस के पास केवल आलोचना करने का ही फॉर्मूला है। जनता ने उनके इस फॉर्मूले को पूरी तरह नकार दिया है। यह बात राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कही। वे मंगलवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
बावनकुले ने कहा कि महाविकास अघाड़ी के नेता केवल आलोचना के सहारे मत मांगते हैं। लगातार हो रही चुनावी हार के बाद भी उन्होंने अभी तक नकारात्मक राजनीति नहीं छोड़ी है। अब समय आ गया है कि वे आत्मपरीक्षण करें। कांग्रेस जनता के मूल मुद्दों से दूर जा चुकी है और जिन मुद्दों को जनता पहले ही नकार चुकी है, उन्हीं को लेकर राजनीति कर रही है। यदि कांग्रेस अपना एजेंडा विकास पर केंद्रित करे, तो यह उनके लिए अधिक बेहतर होगा।









