नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता पर भारत विरोधी ताकतों से संबंध रखने का आरोप लगाया और इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस नेता भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति हैं। वे नक्सलियों, उग्रवादियों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं। रिजिजू ने यह बात एक साक्षात्कार में कही।
रिजिजू ने कहा कि संसद में राहुल का बर्ताव बचकाना और गैर-जिम्मेदाराना है। एक लीडर ऑफ अपोजिशन (LoP) पूरे विपक्ष को रिप्रेजेंट करता है। संसद के बाहर जाकर लोगों को देशद्रोही कहना, ड्रामा करना, सिर मुंडवाना और एक अनपब्लिश्ड किताब लहराना—यह सब बच्चों जैसा बर्ताव है। हमने भारत के इतिहास में ऐसा लीडर ऑफ अपोजिशन कभी नहीं देखा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ संसद में हंगामा करना है। कांग्रेस कहती है कि हम उन्हें बोलने नहीं देते, लेकिन जैसे ही वे (राहुल) अंदर आते हैं, हंगामा, बैनर और नारेबाजी शुरू हो जाती है। कांग्रेस के सीनियर लीडर मणिशंकर अय्यर के इस बयान पर कि—’मैं गांधीवादी, नेहरूवादी, राजीववादी हूँ लेकिन राहुलवादी नहीं हूँ’—इस पर रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के पास कभी मजबूत लीडर हुआ करते थे, जिनकी बातों और काम में मैच्योरिटी थी। धीरे-धीरे कांग्रेस राहुल गांधी जैसी हो गई है और उनके आसपास रहने वाले लोग भी उनके जैसे हो गए हैं। हम सोच भी नहीं सकते थे कि कांग्रेस ऐसी हो जाएगी।












