लोकवाहिनी संवाददाता नागपुर। राज्य शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। दिनेश कोटांगले नामक निजी कोचिंग संचालक को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही एक अन्य स्कूल शिक्षक की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में खुलासा हुआ है कि केवल भौतिक शास्त्र (Physics) और रसायन शास्त्र (Chemistry) ही नहीं, बल्कि गणित (Mathematics) का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिससे जांच में तेजी आई है।
चूंकि इस प्रकरण में 12वीं के विद्यार्थी भी शामिल पाए गए हैं और उनकी परीक्षाएं जारी हैं, इसलिए पुलिस अत्यंत संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। राज्य सरकार के ‘कॉपी-मुक्त अभियान’ पर विशेष जोर होने के कारण इस मामले की जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक विद्यार्थी को जमानत मिल चुकी है। मामले की व्यापकता को देखते हुए, विभिन्न कोचिंग संचालकों और कई विद्यार्थियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।








