कराची। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुँच गया है। शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांत में हवाई हमले किए। पाकिस्तान ने अपने सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन गजबतुलल्लाह’ नाम दिया है और खुली जंग का ऐलान कर दिया है।
पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके हमलों में 274 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं, जबकि 400 से ज्यादा घायल हैं। वहीं तालिबान ने दावा किया है कि उसके हमलों में पाकिस्तान के 55 सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की है कि यह अभियान जारी है और कहा कि सशस्त्र बल अफगान तालिबान की आक्रामकता का कड़ा जवाब दे रहे हैं। दोनों तरफ से करीब 300 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है।
भारत ने भी पाकिस्तान के हमलों की निंदा करते हुए अफगानिस्तान का समर्थन किया है। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबानी लड़ाकों ने एक पाकिस्तानी जेट भी मार गिराया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। अफगान सरकार का दावा है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उसके पास हैं। पाकिस्तानी सेना के एक हेडक्वार्टर और 19 चौकियों पर भी कब्जा कर लिया गया है।
पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा, “हमारे सब्र की सीमा पार हो चुकी है, अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध छिड़ गया है।” इस ऑपरेशन में दो कोर मुख्यालय, तीन ब्रिगेड मुख्यालय, दो गोला-बारूद डिपो, एक लॉजिस्टिक्स बेस, तीन बटालियन मुख्यालय, दो सेक्टर मुख्यालय और 80 से अधिक टैंक, तोप तथा बख्तरबंद वाहन नष्ट कर दिए गए हैं।








