तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में, धुएं के बादल दूर तक दिखे
अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया, कुलिंग का काम जारी
कोई हताहत नहीं, लेकिन संपत्ति और उपकरणों को नुकसान
ठाणे:ठाणे जिले के भिवंडी शहर में 27 फरवरी के मध्यरात्रि को भीषण आग लगने की घटना ने इलाके को दहला दिया। खोखा कंपाउंड में स्थित तीन मंजिला निलेश डाईंग कंपनी में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही पलों में रौद्र रूप धारण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रात के समय अचानक आग लगी और कंपनी की पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें और धुएं के घने बादल दूर से भी दिखाई दे रहे थे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भयभीत हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी अग्निशमन दल और कल्याण अग्निशमन दल की पांच अग्निशमन गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन जवानों ने पूरी मेहनत और शर्ती प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल, घटनास्थल पर कुलिंग (Cooling) का काम जारी है।
सौभाग्यवश, इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, कंपनी के यंत्र और अन्य संपत्ति को काफी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा के महत्व को फिर से उजागर कर दिया है।स्थानीय प्रशासन और आग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा उपायों का पालन करें और इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहें।








