नागपुर। महाराष्ट्र में नैतिक व सकारात्मक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा राज्य स्तरीय अभियान ‘एकता और विश्वास से महाराष्ट्र के स्वर्णिम युग’ का भव्य शुभारंभ किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम आज बुधवार, 25 फरवरी को शाम 4:15 बजे से जामठा स्थित विश्व शांति सरोवर में होगा। इस मौके पर भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, माउंट आबू से ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई, युवा प्रभाग की चेयरपर्सन राजयोगिनी बीके चंद्रिका दीदी का नगर आगमन हो रहा है।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राजस्व एवं पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविदों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहेगी।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज़ ईश्वरीय विश्व विद्यालय, नागपुर द्वारा आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी विश्वास और भाईचारे तथा नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए जनजागरूकता पैदा करना है। कार्यक्रम के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। ‘एकता और विश्वास से महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग’ के सिद्धांत पर आधारित मूल्यनिष्ठ समाज द्वारा महाराष्ट्र के कायाकल्प का रोडमैप तैयार किया गया है।
जामठा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ विश्व शांति सरोवर परिसर में समारोह की व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा विभागीय आयुक्त विजयालक्ष्मी बिदरी की अध्यक्षता में की गई तथा सभी शासकीय विभागों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में प्रवेश हेतु पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकृत व्यक्तियों को अपना मूल आधार कार्ड अथवा पहचान पत्र साथ लाना तथा सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक रहेगा।










