नागपुर, संवाददाता:राज्यभर में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों का माहौल चरम पर है। प्रचार अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है और इसी बीच नागपुर के कामठी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कामठी नगर परिषद चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के नगराध्यक्ष पद के उम्मीदवार शाहजहाँ शौकत अली की सभा में समर्थकों द्वारा मंच पर ही नोटों की बरसात करने का मामला प्रकाश में आया है।
प्रचार सभा के दौरान जैसे ही शाहजहाँ अंसारी भाषण दे रहे थे, उनके कुछ समर्थक मंच पर आए और खुलेआम उन पर नोटों की बारिश करनी शुरू कर दी। यह दृश्य सभा में मौजूद भीड़ के लिए हैरानी का कारण बनौ।
समर्थकों ने पैसे उड़ाते हुए कहा कि ‘मेरे नेता को किसी सिंबल की जरूरत नहीं। हिंदू हो या मुसलमान, किसी को भी मदद चाहिए तो वह कांग्रेस भवन नहीं, बल्कि शाहजहाँ के पास ही आता है।’ ‘पैसे उड़ाने वाले समर्थक को खुद उम्मीदवार अंसारी ने मंच पर बुलाकर शाबाशी भी दी, जो अब चुनाव आचारसंहिता के संदर्भ में सवाल खड़े कर रहा है। चुनाव आयोग की कार्रवाई पर निगाहें। सभा में खुलेआम नोट उड़ाने की घटना के बाद यह चर्चा तेज है कि क्या चुनाव आयोग इस मामले पर कोई कार्रवाई करेगा? चुनावी माहौल में ऐसी चीजें निष्पक्ष प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा सकती हैं।
गड़चिरोली में मुख्यमंत्री का बयान
दूसरी ओर, गड़चिरोली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘राज्य में हमारी सत्ता आने के बाद गड़चिरोली में 700-800 करोड़ रुपये के काम हुए।’ जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विरोधियों द्वारा जमीन अधिग्रहण पर जो की जा रही आलोचना को लेकर उन्होंने कहा कि कई बार निजी जमीन लेना जरूरी होता है, लेकिन किसानों को उसका उचित मुआवजा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गड़चिरोली जिले का स्वरूप बदल रहा है और आने वाले समय में इस क्षेत्र में निवेश और विकास दोनों बढ़ेंगे। कामठी की घटना और गड़चिरोली में विकास के दावों ने स्थानीय चुनावी माहौल को और अधिक गरम कर दिया है।












