बर्लिन। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर भारतीय संविधान को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। राहुल ने कहा— भाजपा
संविधान की उस मूल भावना को खत्म करना चाहती है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देती है। राहुल 17 से 19 दिसंबर तक जर्मनी दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान 18 दिसंबर को उन्होंने बर्लिन स्थित सिटी स्कूल में छात्रों को संबोधित किया था। कांग्रेस ने सोमवार देर रात इस बातचीत का एक घंटे लंबा वीडियो जारी किया। वीडियो में राहुल ने कहा, बीजेपी राज्यों की समानता, भाषाओं की समानता और धर्मों की समानता के विचार को खत्म करने की बात कर रही है।
राहुल ने कहा— लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही हैं। सीबीआई (CBI) और ईडी (ED) जैसी एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। एजेंसियां सिर्फ विपक्षी नेताओं पर केस दर्ज कर रही हैं, भाजपा नेताओं पर कोई दर्ज नहीं किया जाता। हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे, हम उनके भारतीय संस्थागत ढांचे और एजेंसियों पर कब्जे के खिलाफ भी लड़ रहे हैं। हमने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनाव जीते हैं। हमने हरियाणा का चुनाव भी जीता, इसमें कोई शक नहीं है। मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया कि एक ब्राजील की महिला हरियाणा की वोटर लिस्ट में थी। जब हमने यह प्रश्न चुनाव आयोग से पूछा तो उन्होंने जवाब नहीं दिया।
हमें लगता है कि महाराष्ट्र के चुनाव भी निष्पक्ष नहीं थे। हम इस समय देश और दुनिया में बड़े बदलाव से गुजर रहे हैं। पहले भारत को अमेरिका के प्रभुत्व वाली दुनिया से फायदा हुआ, जहाँ अमेरिका दुनिया के नियम बनाता था, भले इसमें कुछ गलतियां थीं। अब अमेरिका की ताकत सेना, अर्थव्यवस्था और वित्त संबंधी मामलों में चुनौती का सामना कर रही है। साथ ही अमेरिका के अपने अंदर भी कई समस्याएं हैं। एक बड़ी चुनौती यह है कि उत्पादन का काम ज्यादातर चीन के हाथ में चला गया है। इसके कारण भारत, अमेरिका या जर्मनी जैसे देश केवल सर्विस सेक्टर से बड़े पैमाने पर रोजगार नहीं पैदा कर सकते। मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन बहुत जरूरी है, लेकिन अब यह क्षेत्र चीन के पास ज्यादा है।











