लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से अब कांग्रेस विधायक को मिली धमकी से सनसनी फैल गई है। गैंग की ओर से धमकी देने का सिलसिला जारी है। एक्टर रणवीर सिंह और डायरेक्टर रोहित शेट्टी समेत फिल्मी दुनिया से जुड़े कई सितारों को धमकी देने के बाद अब राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को धमकी दी जा रही है।
महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक का दावा है कि गैंग की ओर से जान के बदले 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई है। उन्होंने राज्य सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था आखिर कहां पर है।
महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान ने आज मंगलवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी दिए जाने का दावा किया है। मुंबई में उन्होंने दावा करते हुए कहा, “17 फरवरी को जब मैं खाना खा रहा था, उस समय अचानक मुझे एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए कहा कि पहले पता कर लो मैं कौन हूँ। जिस तरह हमने बड़े-बड़े लोगों को मारा है, अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दोगे तो तुम्हें भी जान से मार देंगे।”











