लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। नागपुर शहर में प्रेम संबंधों को लेकर अपराधों का सिलसिला जारी है। रविवार को फेटरी इलाके में स्थित ओयो होटल में एक युवती की बेरहमी से हत्या की चौंकाने वाली घटना सामने आई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका का नाम रचिता धार है और इस घटना ने नागपुर शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, रचिता धार और उसका प्रेमी ओयो होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बात पल-पल बढ़ती गई। पहले तो होटल के कर्मचारियों ने बीच-बचाव करके दोनों को शांत कराया। कुछ देर बाद बहस फिर से बढ़ गई और हिंसा में तब्दील हो गई।
गुस्से में आकर प्रेमी ने रचिता की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। इस गंभीर हमले में रचिता खून से लथपथ होकर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना घटते ही आरोपी प्रेमी होटल की पहली मंजिल से कूदकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और होटल के कर्मचारियों, प्रबंधन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।











