मधुकर कुकडे का आरोप – 156 करोड़ वसूली मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित
डॉ. श्रीपाद जोशी के पैनल को समर्थन देने की अपील
नागपुर :शहर में आयोजित एक पत्रकार परिषद में अखंड महाराष्ट्र समिति के अध्यक्ष मधुकर कुकडे ने कहा कि विदर्भ साहित्य संघ मराठी भाषा और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करने वाली संस्था है। इसलिए इसके अध्यक्ष पद पर मराठी भाषी साहित्यकार का ही चयन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्था की मूल भावना और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व का चयन किया जाना आवश्यक है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुकडे ने मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी चुनाव में गिरीश गांधी को पराजित कर डॉ. श्रीपाद भालचंद्र जोशी और उनके पैनल को भारी मतों से विजयी बनाएं। उनका कहना था कि डॉ. जोशी मराठी साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े हुए व्यक्तित्व हैं और संस्था को सशक्त नेतृत्व दे सकते हैं। कुकडे ने गिरीश गांधी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पुणे स्थित महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की नागपुर स्थित जमीन के कथित व्यावसायिक दुरुपयोग के मामले में अदालत ने गांधी से 156 करोड़ रुपये वसूलने का आदेश दिया था। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने इस राशि को घटाकर 7 करोड़ रुपये कर दिया। इस निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष याचिका अब भी लंबित है।
उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे संस्था के भविष्य और मराठी संस्कृति के हित को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर मतदान करें।










