लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वैश्विक निवेशकों से खेती के लिए कृत्रिम मेधा (AI) समाधानों को बढ़ाने में साझेदार बनने का शुक्रवार को आह्वान किया। साथ ही कहा कि उनका राज्य दुनिया के सबसे आधुनिक कृषि-नवाचार परिवेश में से एक बन रहा है। ‘एआई इम्पैक्ट’ सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा, महाराष्ट्र आज वैश्विक स्तर पर कृषि-नवाचार के सबसे सशक्त एवं आकर्षक परिवेश में से एक पेश करता है।
फडणवीस ने कहा कि यहाँ 150 लाख हेक्टेयर खेती की जमीन, अलग-अलग तरह की कृषि-जलवायु परिस्थितियाँ, बड़े कृषि विश्वविद्यालय और एआई शोध केंद्र, स्टार्टअप परिवेश, स्पष्ट नियामक ढांचा और निवेशकों के लिए एकल खिड़की (Single Window) सुविधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य को चुनने से, साझेदारों को दुनिया भर की अर्थव्यवस्था को जोड़ने, खाद्य सुरक्षा एवं जलवायु सहिष्णुता के लिए मापने योग्य समाधान में निवेश करने का मौका मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) और जिम्मेदार एआई को प्राथमिकता दी है। उनका मानना है कि टेक्नोलॉजी आधारित समाधान कृषि क्षेत्र में स्थायी बदलाव ला सकते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2026 को खेती में महिलाओं का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष घोषित किया गया है। एआई सॉल्यूशन केवल महिला किसानों के लिए नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर डिजाइन किए जाने चाहिए, ताकि वास्तविक जरूरतों को समझा जा सके।
उन्होंने कहा, कृषि केवल एक आर्थिक क्षेत्र नहीं है, यह रोजी-रोटी, सामाजिक स्थिरता और राष्ट्रीय सुरक्षा है। भारत इसे बहुत गहराई से समझता है और हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और जिम्मेदार एआई को राष्ट्रीय विकास के केंद्र में रखा है।










