लोकवाहिनी, संवाददाता:मेरठ। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit) में इंडियन यूथ कांग्रेस के शर्टलेस (shirtless) प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। मेरठ में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा— “भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया? वैश्विक आयोजन को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुँच गए।”
मोदी ने कहा— “मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूँ— देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की ज़रूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस के नेताओं ने जो कुछ किया, वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया और दरिद्र हो गई है।” मोदी ने कहा— “देखिए दिल्ली में जो हुआ, क्या उसमें टीएमसी, डीएमके या बसपा के लोगों ने पाप किया… नहीं किया। सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस के सिरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हैं। अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो पहले आपको लोगों के दिल जीतने होंगे।”
पीएम मोदी ने कहा— “मैंने कांग्रेस, सपा और बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए और आइए विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं। लेकिन, इन दलों ने अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली। भाजपा ने अपनी विकास की नीति को हमेशा सर्वोपरि रखा। इसका एक उदाहरण हमारी मेट्रो भी है। 2014 से पहले यानी कांग्रेस सरकार के समय में 5 ही शहरों में मेट्रो थी, आज 25 से ज़्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है।”
इससे पहले, मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। स्कूली बच्चों और डॉक्टरों के साथ सफर किया और उनसे बातचीत की। 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। रैपिड रेल से दिल्ली से मेरठ की 82.15 किमी दूरी सिर्फ 55 मिनट में पूरी होगी। ट्रेन मेरठ मोदीपुरम से शुरू होकर दिल्ली के सराय काले खां तक जाएगी और 13 स्टेशनों से होकर गुजरेगी। पूरे सफर में दो स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, जबकि बाकी का सफर एलिवेटेड होगा। मेट्रो बेगमपुल से मेरठ साउथ तक जाएगी, इसमें 7 स्टेशन बनाए गए हैं। मेट्रो का किराया 20 से 60 रुपये, जबकि रैपिड रेल का 20 से 210 रुपये तक होगा।











