पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच
परिजनों ने की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र के गोधनी परिसर से 21 जनवरी की दोपहर करीब चार बजे एक गंभीर और दुखद घटना सामने आई है। यहां 23 वर्षीय युवती प्राची खापेकर का शव उसके ही घर के बेडरूम में फांसी की हालत में पाया गया। इस घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
सूचना मिलने पर मानकापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज किया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है और पुलिस जांच प्रक्रिया जारी है।
मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि प्राची सामान्य स्वभाव की युवती थी और वह किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव में नहीं थी।
इस संबंध में मृतका के चाचा और पूर्व सैनिक होमदेव खापेकर ने बताया कि परिवार पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और उन्हें कानून व्यवस्था पर भरोसा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सच्चाई सामने आएगी और न्याय मिलेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।












