गर्म भाप से झुलसे कर्मचारी, दो की हालत स्थिर
महाजेनको प्रबंधन ने शुरू की हादसे की जांच
कोराडी / नागपुर:नागपुर जिले के कोराडी स्थित महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड के 660 मेगावाट बिजली परियोजना में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। टर्बाइन के मेंटेनेंस कार्य के दौरान हॉट एयर पाइपलाइन में अचानक लीकेज होने से तेज गर्म भाप निकलने लगी, जिसकी चपेट में आने से चार कर्मचारी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई जब यूनिट में नियमित रखरखाव (मेंटेनेंस) का काम चल रहा था। अचानक पाइपलाइन से गर्म भाप निकलने लगी, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे झुलस गए।
घायलों में रवींद्र नंदुरकर (50 वर्ष),विशाल कांबले (40 वर्ष), राहुल केलकर (35 वर्ष) और शैलेश मेश्राम (35 वर्ष) शामिल हैं। गर्म भाप के संपर्क में आने से इनके हाथ और पैरों की त्वचा हल्की झुलस गई।
घटना की जानकारी मिलते ही महाजेनको प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल कोराडी कॉलोनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
डॉक्टरों के अनुसार दो कर्मचारियों की हालत स्थिर होने के बाद उन्हें उपचार देकर घर भेज दिया गया, जबकि अन्य दो कर्मचारियों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसे के समय मौके पर सेक्शन इंचार्ज, सुरक्षा अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। घटना के बाद प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।












