जयप्रकाश नगर मेट्रो स्टेशन मार्ग पर नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण
सड़क पर खड़े वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
दिशादर्शक फलक और पुलिस तैनाती से जाम पर लगेगा ब्रेक
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में बढ़ते ट्रैफिक और अवैध पार्किंग की समस्या को देखते हुए मनपा प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
17 फरवरी को महानगरपालिका आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने जयप्रकाश नगर मेट्रो स्टेशन से ऑरेंज स्ट्रीट की ओर जाने वाले मार्ग पर विकसित किए गए नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का जायजा लिया और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर नाराजगी जाहिर की।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मार्ग पर अब कोई भी वाहन सड़क किनारे खड़ा नहीं होना चाहिए। इसके लिए एनडीएस की टीम और पुलिस के यातायात विभाग के जवानों की नियमित तैनाती की जाएगी, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि सड़क पूरी तरह यातायात के लिए मुक्त रहे और जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही वाहन चालकों की सुविधा के लिए दिशादर्शक फलक (साइनबोर्ड) लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। अधिकारियों का मानना है कि व्यवस्थित पार्किंग से न केवल ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, अधीक्षक अभियंता लीना उपाध्ये, नगररचना विभाग के उपसंचालक गिरीश गोडबोले, कार्यकारी अभियंता रविंद्र बुंधाडे, अनिल गेडाम, सहायक संचालक ऋतुराज जाधव, सहायक आयुक्त धनंजय जाधव और प्रकल्प अभियंता राजीव गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी, ताकि नागपुरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके।











