नागपुर शहर के सेमिनरी हिल्स स्थित मानव सेवा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में रखे हेलमेट के अंदर जहरीला कोबरा सांप छिपा मिला। यह दिल दहला देने वाली घटना मिताली चतुर्वेदी के निवास स्थान पर सामने आई। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही परिवार के सदस्यों ने हेलमेट के भीतर से सांप की तेज फुफकार सुनी, पूरे घर में दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही देर में यह खबर कॉलोनी में फैल गई, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
परिवार ने तुरंत इसकी सूचना वाइल्ड एनिमल्स एंड नेचर हेल्पिंग सोसायटी को दी। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष और मशहूर वाइल्डलाइफ रेस्क्यूर शुभम जी.आर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सावधानी और साहस के साथ हेलमेट के अंदर छिपे जहरीले कोबरा को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ, जिसके बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार कोबरा के जहर में न्यूरोटॉक्सिक वेनम पाया जाता है, जो मानव तंत्रिका तंत्र पर सीधा असर डालता है। यदि समय पर इलाज न मिले तो 40 से 45 मिनट के भीतर इंसान की जान भी जा सकती है। ऐसे में यह घटना बेहद गंभीर साबित हो सकती थी, लेकिन समय रहते रेस्क्यू होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
रेस्क्यूर शुभम जी.आर ने नागरिकों से अपील की है कि विशेषकर बारिश और गर्मी के मौसम में लोग सतर्क रहें। उन्होंने बताया कि सांप अक्सर भोजन और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं। इसलिए घर के आसपास साफ-सफाई रखना, जूते-चप्पल या हेलमेट पहनने से पहले उन्हें जांच लेना और किसी भी संदिग्ध स्थिति में विशेषज्ञों को तुरंत सूचना देना बेहद जरूरी है।








