लोकवाहिनी, संवाददाता मुंबई। स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। नतीजों के मुताबिक, भाजपा ने नगर परिषद/नगर पालिका चुनावों में 288 में से 120 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा के साथ-साथ एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 57 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं, अजीत पवार की एनसीपी ने 37 सीटों पर सफलता हासिल की। महायुति (Mahayuti) सामूहिक रूप से 288 में से 214 सीटों पर विजयी रही। वहीं, महाविकास अघाड़ी के घटक दलों के लिए यह चुनाव एक बार फिर झटका देने वाला साबित हुआ।
महाविकास अघाड़ी में अकेले लड़ने वाली कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत हासिल की है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) को सिर्फ 10 सीटें मिली हैं और शरद पवार की पार्टी (एनसीपी-एसपी) को भी 10 सीटें ही मिली हैं। वहीं निर्दलीय और अन्य पार्टियों को 23 सीटें मिली हैं, जिन्होंने स्थानीय आघाड़ी (Local Alliance) बनाया था। नतीजों के मुताबिक महाविकास अघाड़ी को 288 में से सिर्फ 51 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।
दरअसल, महाराष्ट्र की 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए दो चरणों में चुनाव हुआ था। पहले चरण में 2 दिसंबर को 263 निकायों में मतदान हुआ था। बाकी 23 नगर परिषदों और कुछ खाली पदों पर 20 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। धुले की दोंडाइचा नगर परिषद और सोलापुर की वैराग नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हुआ था। जलगांव जिले की जामनेर नगर परिषद में भी अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला नहीं हुआ था। इन पदों पर भाजपा ने निर्विरोध जीत हासिल की थी।











