लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुआ। एनडीए (NDA) ने बिहार की सभी पांचों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसका ऐलान किया है। बिहार के राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी 5 उम्मीदवार जीत गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम चुनाव जीत गए हैं।
वहीं तेजस्वी यादव ने भी अपनी हार कबूल की है। उन्होंने कहा है कि अगर हमारे सभी विधायकों ने वोट किया होता तो हम जीतते। तेजस्वी यादव ने बड़े जतन से असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम (AIMIM) और मायावती की पार्टी बसपा (BSP) का समर्थन जुटाकर एबी सिंह की जीत के लिए घट रहे 6 वोटों का बंदोबस्त कर लिया था। लेकिन महागठबंधन के अपने 4 विधायकों के वोटिंग से दूरी बनाने के कारण एबी सिंह को हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं ओडिशा में सोमवार को राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव कड़े मुकाबले और क्रॉस-वोटिंग के आरोपों के बीच संपन्न हुआ। मतदान के दौरान राजनीतिक तनाव भी देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता और ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने एक सीट पर जीत हासिल की। वहीं पार्टी के मौजूदा राज्यसभा सांसद संजीव कुमार भी दोबारा निर्वाचित हो गए। भाजपा के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय भी चुनाव जीत गए। इनकी जीत में बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस के विधायकों की क्रॉस-वोटिंग की भूमिका रही। वहीं बीजू जनता दल के उम्मीदवार सप्ती मिश्रा ने भी एक सीट जीतकर पार्टी की राज्यसभा में मौजूदगी बरकरार रखी। ओडिशा में काउंटिंग जारी है। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान दो कांग्रेसी विधायकों के वोटों पर आपत्ति के बाद काउंटिंग रोक दी गई।












