लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे के संबंध में बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अजीत पवार के प्लेन में फ्यूल फुल था। साथ ही फ्लाइट में फ्यूल के अतिरिक्त कैन (Cans) रखे गए थे। इतना ही नहीं, फ्लाइट ज़मीन पर गिराई गई। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में वीएसआर (VSR) कंपनी को बचाया जा रहा है।
रोहित ने मांग की है कि विमान हादसे की जांच पूरी होने तक नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू को उनके पद से हटाया जाए। रोहित पवार ने कहा, “फ्लाइट प्लान के बारे में हमें जो जानकारी है, उसके अनुसार उन्होंने चेन्नई डीजीसीए (DGCA) को ऑफिशियल फ्लाइट प्लान नहीं भेजा था, क्योंकि उसमें विषय है कि वे फिर से पुणे एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकते। ऑप्शनल एयरपोर्ट देना पड़ता है, जो पुणे नहीं दे सकते क्योंकि वहां सुबह डिफेंस की उड़ान होती है। इसके साथ ही सोलापुर भी नहीं दे सकते, वहां तकनीकी मजबूरियां हैं।”
उन्होंने कहा कि सुबह के वक्त वहां फॉग (कोहरा) होता है। आपने बिना वजह फ्लाइट घुमाकर अंदाज़ा लिया। विजिबिलिटी को लेकर डीजीसीए का नियम है, जिसे देखते हुए आपको फ्लाइट उड़ानी नहीं चाहिए थी। लैंड करने का प्रयास नहीं करना चाहिए था। आपको वापस मुंबई आना था, लेकिन फ्यूल फुल था। अंदर फ्यूल के अतिरिक्त रैक (या कैन) थे। यह फ्लाइट जमीन पर गिराई गई। विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि नागरिक उड्डयन मंत्री और उनकी पार्टी वीएसआर कंपनी के मालिकों के करीबी हैं। महाराष्ट्र के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों और आंध्र प्रदेश के शीर्ष टीडीपी (TDP) मंत्रियों ने वीएसआर के मालिक वी.के. सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी में शिरकत की थी। कंपनी को संचालन की अनुमति है और बड़े नेता अभी भी कंपनी के लीयरजेट (Learjet) विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।












