मध्यप्रदेश निवासी मोहन बैगा की मौत
नागपुर के सतरंजीपुरा परिसर में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवक खून से लथपथ हालत में एक घर के सामने पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मध्यप्रदेश निवासी मोहन बैगा के रूप में हुई है। उसके पास से आधार कार्ड और बिलासपुर से नागपुर का ट्रेन टिकट मिला है, जिससे पता चला कि वह एक दिन पहले ही ट्रेन से नागपुर आया था। घटना उस समय हुई जब आदिल हारून नागानी के परिवार का निवास, प्लॉट नंबर 938, के सामने युवक को घायल अवस्था में पाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक चोरी के इरादे से घर में घुसा था और भागते समय ऊपर से नीचे गिर गया। इससे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है और फिलहाल हत्या या किसी अन्य अपराध की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।
स्थानीय लोग घटना से सकते में हैं और पुलिस से मांग कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी की जाए।












