सिमरी बख्तियारपुर। इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बिहार आज भी गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध की मार झेल रहा है। तेजस्वी ने सिमरी बख्तियारपुर स्थित महंत मिठ्ठू दास हाई स्कूल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में बदलाव का मजबूत संदेश दिया।
तेजस्वी ने कहा, “एक बिहारी होने के नाते मुझे पीड़ा होती है कि बिहार आज भी गरीब राज्य है। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। हमें ऐसा बिहार बनाना है जो अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त हो, जहां निवेश और विकास हो।” उन्होंने दावा किया कि “जो काम राजग सरकार 20 साल में नहीं कर पाई, उसे हम 20 महीने में कर दिखाएंगे। किसानों और मजदूरों की हालत खराब है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि हमें एक मौका दीजिए।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, “20 साल से बिहार में और 11 साल से केंद्र में राजग की सरकार है, लेकिन बिहार की प्रति व्यक्ति आय आज भी देश में सबसे कम है। शाह ने कहा कि चुने गए विधायक तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। भाजपा ने ‘चाचा’ को हाईजैक कर लिया है। अगर राजग सत्ता में आया तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। मोदी जी ने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था। 11 साल में 22 करोड़ नौकरियां कहां गईं?”
तेजस्वी ने युवाओं से अपील की, “क्या आप पेपर लीक और भ्रष्टाचार से आजादी नहीं चाहते? नया सरकार बनाइए और विकास एवं प्रगति की नई गाड़ी पर सवार होइए।”
तेजस्वी ने अपनी पिछली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 17 महीनों में बिहार लोकसेवा आयोग (बीपीएससी) और टीआरई-3, टीआरई-4 के माध्यम से नौकरियां दी गईं, लेकिन उसके बाद यह रफ्तार नहीं बनी। उन्होंने बड़ा वादा किया, “14 नवंबर को महागठबंधन की सरकार बनेगी। हमारी सरकार बनने के बाद हर घर में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1000 रुपए से घटाकर 500 रुपए और वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपए किया जाएगा।”
तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों से कहा कि यह चुनाव भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई है और अब समय आ गया है कि बिहार विकास और समृद्धि की राह पर आगे बढ़े।











