लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। भंडारा जिले के वरठी गांव की निवासी मयूरी चौधरी चेन्नई के समुद्र तट पर तस्वीर लेते समय लहरों में बह जाने के बाद डूब गई। महाराष्ट्र के कुछ युवक जो चेन्नई के गोल्डन बीच पर मौज-मस्ती करने गए थे, समुद्र में डूब गए। मृतकों में भंडारा जिले के वरठी की रहने वाली युवा इंजीनियर मयूरी चौधरी भी शामिल है।
चेन्नई में समुद्र में उतरने के बाद महाराष्ट्र की एक छात्रा डूब गई और एक अन्य छात्र लापता हो गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई। महाराष्ट्र सरकार ने तमिलनाडु के अधिकारियों से खोज और बचाव अभियान तेज करने की अपील की है।
तमिलनाडु सरकार से मिली जानकारी के हवाले से 26 विद्यार्थियों का एक समूह चेन्नई के गोल्डन बीच पर घूमने गया था, जहाँ उनमें से तीन विद्यार्थी समुद्र में उतरे थे। सीएमओ के अनुसार, महाराष्ट्र के भंडारा जिले की रहने वाली मयूरी चौधरी समुद्र में डूब गई, जबकि जय पाटिल लापता हो गया। पाटिल की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। एक अन्य छात्र राज कुमारी (या राज कुमार) को बचा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने तुरंत तमिलनाडु सरकार से संपर्क किया और वे राहत व बचाव अभियान की निरंतर निगरानी कर रहे हैं। फडणवीस ने मयूरी चौधरी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लापता छात्र की तलाश करने और बचाव अभियान में तेजी लाने तथा प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का तमिलनाडु सरकार से आग्रह किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि लापता छात्र जय पाटिल के रिश्तेदार चेन्नई पहुँच गए हैं, जबकि मयूरी चौधरी के परिवार के सदस्य नागपुर से रवाना हो चुके हैं। सीएमओ के अनुसार, राज्य (महाराष्ट्र) प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।











