3 हजार पुलिसकर्मी, 30 जिलों की टीमें तैनात
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता हाई अलर्ट पर
बुलढाणा:शेगाव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 25 फरवरी को प्रस्तावित दौरे को लेकर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। लगभग 30 जिलों से पुलिस बल की विशेष टीमें बुलाई गई हैं और करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 32 डॉग स्क्वॉड, बम खोजी एवं निष्क्रिय दस्ता और आतंकवाद निरोधक इकाइयों को भी सक्रिय रखा गया है।
शहर के सभी प्रमुख चौक, प्रवेश द्वार, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हर वाहन की सघन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कार्यक्रम स्थल के आसपास पास की जांच अनिवार्य कर दी गई है और बिना अनुमति किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय पुलिस के साथ-साथ विशेष सुरक्षा एजेंसियां भी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रित रहे। नागरिकों से भी प्रशासन ने सहयोग की अपील की है और अनावश्यक भीड़ से बचने का आग्रह किया है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।










