लापरवाही के आरोप में एक गिरफ्तार
नागपुर के मिनीमाता नगर, कळमना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दो वर्षीय मासूम कुश राजेंद्र पटेल की खुले पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई। यह घटना 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, बच्चा काफी देर तक घर पर दिखाई नहीं दिया। तलाश करने पर वह सामने रहने वाले व्यक्ति के घर के बाहर सीढ़ियों के नीचे बने बिना ढक्कन वाले सीमेंट के पानी के टैंक में बेहोश अवस्था में मिला। परिजनों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर पहले स्थानीय क्लिनिक और बाद में वर्धमान नगर स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में बच्चे के परिजन जितेंद्र शंकर पटेल की शिकायत पर आरोपी गुड्डु उर्फ ईमामुद्दीन मोहम्मद अझरूद्दीन शहा (42) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने अपने घर के सामने बने पानी के टैंक पर कोई सुरक्षा व्यवस्था या जाली नहीं लगाई थी, जिससे यह हादसा हुआ।
कळमना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।











