आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। 22 जनवरी 2026 की रात लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच पुराने विवाद के चलते हर्ष उर्फ गुड्डू शिवानंदन पांडे (उम्र 38 वर्ष), निवासी कामगार नगर, नागपुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी मिलन उर्फ बंटी वानखेडे और उसका मित्र हर्ष उर्फ गुड्डू पुलिस लाइन टाकली, गिट्टीखदान क्षेत्र में खड़े थे। इसी दौरान गुड्डू के पास फोन आने पर वह कुछ दूरी पर जाकर बात कर रहा था। तभी आरोपी बंटी उर्फ बुर्हान शेख, जो पान ठेला चलाने वाला बताया जा रहा है, अपने कुछ साथियों के साथ वाहन से मौके पर पहुंचा।
पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू की और “हथियार निकालो” कहते हुए जान से मारने की नीयत से हर्ष उर्फ गुड्डू के सिर पर किसी घातक हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
गंभीर अवस्था में घायल गुड्डू को तुरंत मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन में आरोपी बंटी उर्फ बुर्हान शेख और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।












