लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। पुरानी रंजिश के चलते अपराधियों ने एक युवक की निर्मम हत्या कर दी। यह वारदात रविवार देर रात गिट्टीखदान थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस मुख्यालय के समीप हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हर्ष उर्फ गुड्डू शिवानंद पांडे (38), निवासी कामगार नगर, के रूप में हुई है। हत्या का मुख्य आरोपी बंटी उर्फ बुरहान शेख और उसके साथी वारदात के बाद से फरार हैं।
बताया गया है कि आरोपी बंटी और उसके परिजनों के अवस्थी नगर परिसर में सात-आठ पान ठेले हैं, जिनकी आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने की भी चर्चा है। बंटी का एक परिजन मोका (MCOCA) का आरोपी रह चुका है। मृतक गुड्डू के खिलाफ पूर्व में सरकारी कर्मचारी पर हमले और लूट का मामला दर्ज था। वहीं, गुड्डू और बंटी के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी।
इस संबंध में मानकापुर थाने में असंग्येय (NC) प्रकरण भी दर्ज हुआ था, लेकिन समय रहते पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, गुड्डू के भाई संदीप ने आरोपी के साथी राहुल वरवाड़े से जुआ खेलने के दौरान 10 हजार रुपये उधार लिए थे। 21 जनवरी को रुपये वापस मांगने को लेकर विवाद हुआ।
इसके अगले दिन 22 जनवरी की रात गुड्डू, संदीप और उनके साथी मिलिंद वानखेड़े ने प्रज्ञात नगर स्थित राहुल के घर जाकर विवाद किया और कथित तौर पर चाकू की नोक पर राहुल की मां और भाई को धमकाया। उस समय बंटी भी वहां मौजूद था। इस घटना से आक्रोशित बंटी बदला लेने की फिराक में था।
रविवार रात गुड्डू अपने मित्र मिलिंद और आदित्य के साथ पुलिस मुख्यालय के पास खड़ा था। इसी दौरान बंटी अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचा और गुड्डू पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके साथी मौके से फरार हो गए, जबकि गुड्डू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। गुड्डू के एक धार्मिक संगठन से जुड़े होने के कारण शुक्रवार सुबह संगठन से जुड़े लोगों ने गिट्टीखदान थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया।












