लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलंबो। पहली बार खेले गए ब्लाइंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब भारत ने जीत लिया। टीम ने रविवार को कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से हराया। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया था। पी सारा ओवल स्टेडियम में इंडिया विमेंस टीम ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। नेपाल की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। भारत की गेंदबाजों ने नेपाल की बैटर्स को एक ही बाउंड्री लगाने दी।
इंडिया विमेंस ने फिर 12 ओवर में महज 3 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया। इंडिया विमेंस के लिए फुला सारेन ने 27 गेंद पर 44 रन की नॉटआउट पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल भी 12 ओवर में ही जीत लिया था। तब ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने 109 रन बनाए थे, इंडिया विमेंस ने 1 ही विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया था। टीम इंडिया को पूरे टूर्नामेंट में एक भी हार नहीं मिली। नेपाल ने शनिवार को पाकिस्तान विमेंस को दूसरे सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। मेज़बान श्रीलंका टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सकी। टीम को 5 मुकाबलों में एक ही जीत मिली।
यह जीत अमेरिका के खिलाफ आई थी। 6 टीमों के टूर्नामेंट में पाकिस्तान की मेहरिन अली टॉप रन स्कोरर रहीं। उन्होंने 6 मुकाबलों में 600 से ज्यादा रन बनाए। इनमें श्रीलंका के खिलाफ 78 बॉल पर 230 रन की पारी भी शामिल रही। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 130 रन बनाए थे। हालांकि सेमीफाइनल में जल्दी आउट हो जाने के कारण उनकी टीम फाइनल में जगह नहीं बना सकी। विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप 11 नवंबर को दिल्ली में शुरू हुआ था। टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और अमेरिका ने हिस्सा लिया। ग्रुप स्टेज में सभी टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ 5-5 मैच खेले। पॉइंट्स टेबल के टॉप-4 पोजीशन पर रहने वाली टीमों के बीच सेमीफाइनल हुआ। इन्हें जीतने वाली नेपाल और भारत ने फाइनल खेला।











