पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए चार महिला पत्रकार सम्मानित
वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता छाया खोब्रागडे को ‘स्त्री गौरव पुरस्कार’
अंकिता देशकर को ‘शोभा विनोद स्मृति पुरस्कार’, पल्लवी जीवनतारे भी सम्मानित
नागपुर:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नागपुर में महिला पत्रकारों का हृदयस्पर्शी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।तिलक प्रेस हाउस ट्रस्ट के तत्वावधान में और नागपुर श्रमिक पत्रकार संघ तथा नागपुर प्रेस क्लब के संयुक्त सहयोग से यह कार्यक्रम 8 मार्च को सिविल लाइंस स्थित प्रेस क्लब के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ संपादक एस.एन. विनोद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नागपुर महानगरपालिका की स्थायी समिति की अध्यक्षा शिवानी दाणी वखरे उपस्थित थीं। इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय और उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में भाग्यश्री शर्मा (लोकमत समाचार), अश्विनी म्हारोळकर-पाचखेडे (सकाळ), भाग्यश्री राऊत (बीबीसी) और देवश्री भिमटे-मेश्राम (यूसीएन) शामिल रहीं। इन सभी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने समर्पण और उत्कृष्ट योगदान से अलग पहचान बनाई है।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली एक वरिष्ठ महिला को स्त्री गौरव पुरस्कार प्रदान किया गया। इस बार यह सम्मान वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती छाया खोब्रागडे को दिया गया।
इसके अलावा शोभा विनोद स्मृति पुरस्कार से अंकिता देशकर (द इंडियन एक्सप्रेस) को सम्मानित किया गया। वहीं “पत्रकारपत्नी” श्रेणी में सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए पल्लवी केवल जीवनतारे को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में तिलक प्रेस हाउस ट्रस्ट के प्रधान सचिव शिरीष बोरकर, नागपुर श्रमिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष ब्रम्हाशंकर त्रिपाठी, धर्मेंद्र जोरे, जोसेफ राव, विवेक पुराडभट, शेखर सोनी, रणजीत देशमुख, मनोहर कोठेकर और वर्षा बाशू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक बदलाव का संकेत है।









