अध्यक्ष के बेटे पर बाहरी युवकों को बुलाकर मारपीट कराने का आरोप
बैठक में घुसकर रहिवासियों से मारपीट, दो लोग घायल
मामले में पुलिस जांच की तैयारी, रहिवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
नवी मुंबई:नवी मुंबई के नवीन पनवेल इलाके में एक हाउसिंग सोसायटी की पुनर्विकास बैठक उस समय हिंसक हो गई, जब विवाद के दौरान कुछ लोगों ने रहिवासियों पर कथित रूप से हमला कर दिया। यह घटना सेक्टर 14 स्थित अमृतवेल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में आयोजित सामान्य सभा के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, सोसायटी की जर्जर इमारत के पुनर्विकास को लेकर एक बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान पुनर्विकास की शर्तों, प्रक्रिया और प्रस्तावों को लेकर सोसायटी के सदस्यों और प्रबंधन समिति के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस बढ़कर मारपीट और हंगामे में बदल गई।
आरोप है कि इस दौरान सोसायटी के अध्यक्ष रवींद्र भगत के बेटे अजिंक्य भगत ने कुछ बाहरी युवकों को सोसायटी परिसर में बुला लिया। बताया जा रहा है कि ये युवक बैठक में घुस आए और वहां मौजूद रहिवासियों के साथ मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए इस हमले से बैठक में अफरा-तफरी मच गई। कई रहिवासी अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस घटना में सोसायटी के दो सदस्य घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सोसायटी के कई सदस्यों ने इस मामले को लेकर नाराजगी जताई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।








