नई दिल्ली | देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान है, लेकिन उससे पहले ही राजनीतिक तस्वीर साफ हो चुकी है। राज्यसभा चुनाव से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख सोमवार थी। 10 राज्यों में से 7 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध सदस्य चुन लिए गए हैं, लेकिन 3 राज्यों की 11 सीटों के लिए अब सियासी घमासान होगा।
महाराष्ट्र की सभी 7 सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुए। भाजपा के चार उम्मीदवारों में पूर्व मंत्री विनोद तावड़े, आरपीआई (आठवले गुट) के प्रमुख और केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, हिंगोली के भाजपा नेता रामराव वडकुते और नागपुर की भाजपा नेता माया इवनाते ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) की ज्योति वाघमारे, एनसीपी (अजित गुट) के पार्थ पवार और एनसीपी (शरद पवार गुट) व महाविकास आघाडी के उम्मीदवार शरद पवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।









