नागपुर शहर में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लकड़गंज थाना क्षेत्र के किराना ओली इलाके में चोरों ने 6 अप्रैल की रात को एक ही रात में चार दुकानों को निशाना बनाया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने देर रात दुकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मुख्य रूप से नकदी पर हाथ साफ किया। नवदुर्गा किराना स्टोअर्स के मालिक धीरज किशनलाल पुरे ने रात में दुकान बंद की थी, लेकिन सुबह पड़ोसियों ने उन्हें दुकान का टूटा हुआ ताला दिखाया। जांच में सामने आया कि दुकान से बड़ी मात्रा में नकदी चोरी हो चुकी थी। इसी तरह श्रीकांत लितुया की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया और वहां से भी नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं विशाल रुडिया और दिलीप जैन की दुकानों में चोरी की कोशिश की गई, लेकिन चोर वहां सफल नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार, दो दुकानों से करीब 4 लाख 12 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। सूचना मिलते ही लकड़गंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में नाराजगी और भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






