लोकवाहिनी, संवाददाता:वृंदावन। मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यमुना नदी में स्टीमर पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं देर रात तक 8 लापता थे। इनमें से कुछ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे को लेकर पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक ने दुख जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए शोक प्रकट किया और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा भी देने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, पंजाब के लुधियाना से 32 श्रद्धालुओं का जत्था वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने आया था। सभी ने शुक्रवार सुबह पहले बांके बिहारी के दर्शन किए। फिर स्टीमर पर सवार होकर यमुना नदी में सैर पर निकल गए। इसी दौरान जब इनका स्टीमर केशी घाट पर पहुँचा, तभी वहां बने पांटून पुल से टकरा गया। पुल से टकराते ही स्टीमर अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया। एक-एक श्रद्धालु नदी में डूबने लगे। श्रद्धालुओं को डूबते देख चीख-पुकार मच गई।
केशी घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने आनन-फानन में हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस टीम मौके पर केशी घाट पहुँची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी बुलाया। साथ ही जिला अस्पताल से कई एंबुलेंस भी घाट पर बुला ली गईं, ताकि समय रहते घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुँचाया जा सके।
करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 25 श्रद्धालुओं को नदी से बाहर निकाला गया, जिसमें से 10 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 15 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनकी हालत खतरे से बाहर है। आठ लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी थीं। वहीं डीएम चंद्र प्रताप सिंह ने स्टीमर हादसे को लेकर बताया कि लुधियाना से 33 श्रद्धालु मथुरा आए थे। सभी यमुना नदी में स्टीमर से सैर कर रहे थे। इसी दौरान इनका स्टीमर पलट गया। अब तक 10 लोगों के शव मिले हैं। 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अन्यों को ढूँढा जा रहा है।








