पुराने विवाद और पैसों के लेन-देन से जुड़ा हमला
नवी मुंबई के रबाले पुलिस थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का अपराध शाखा ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। 6 अप्रैल को संदीप गवस और अमित मोर्या पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी, जिसमें अमित मोर्या गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका उपचार मुंबई के एक अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद रबाले पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा ने विशेष जांच दल गठित कर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। साथ ही यह भी सामने आया कि हमले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी।
पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी राहुल सहानी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ में मोहम्मद फरदून अल्लाउद्दीन खान सहित अन्य सहयोगियों के नाम सामने आए और उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच में विशाल महाडिक और गुरुफान खान की संलिप्तता भी उजागर हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हमला पुराने विवाद और पैसों के लेन-देन को लेकर किया गया था। अमित मोर्या पर जानलेवा हमला करने के उद्देश्य से चार राउंड गोलियां चलाई गई थीं। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।







