वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी रक्षा मंत्रीपीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने का मौका है, लेकिन अगर उसने इसे ठुकराया तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करेगा। हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने पीस डील नहीं मानी, तो फिर से जंग शुरू हो सकती है।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्सेस पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी समय कॉम्बैट ऑपरेशन शुरू कर सकती हैं। हेगसेथ ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश का इंतजार कर रही है और निर्देश मिलते ही कार्रवाई शुरू की जा सकती है। हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता।
वहीं अमेरिकी जनरल डैन कैनन ने बताया कि अब तक 13 जहाज नाकाबंदी के चलते वापस लौट चुके हैं। इनमें ज्यादातर जहाज नाकाबंदी सीमा के अंदर पहुँचकर लौटे, जबकि एक पहले ही रास्ता बदल गया। अमेरिका और ईरान 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौते के करीब पहुँच रहे हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, हालाँकि कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं। इस बीच तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होगी।
मुनीर पहले ही ईरान पहुँचकर विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर चुके हैं और वे अमेरिकी संदेश लेकर गए हैं। पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ मिलकर बातचीत और ड्राफ्ट प्रस्ताव साझा कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, डील के लिए सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है, हालाँकि अमेरिका ने अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है।
ईरान की मदद करने वाले जहाजों पर भी हमला करेंगे: अमेरिका
अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकाबंदी को लेकर सख्त चेतावनी दी है। अमेरिकी जनरल डैन कैनन ने कहा कि जो भी जहाज नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश करेगा, उस पर हमला किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर फायरिंग भी की जाएगी। इसमें जहाज को रोकना, उस पर चढ़ना और कब्जा करना शामिल है। कैनन ने बताया कि अब तक 13 जहाज नाकाबंदी के चलते वापस लौट चुके हैं।











