लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। भारत निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की नौ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 12 मई को होंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई, 2026 को समाप्त होने वाला है, जिसके कारण चुनाव कराना आवश्यक हो गया है।
सेवानिवृत्त होने वाले विधान परिषद के सदस्यों में संजय किशनराव धोटे, नीलम दिवाकर गोऱ्हे, उद्धव ठाकरे, संदीप दिवाकर जोशी, दादाराव यादवराव केचे, अमोल रामकृष्ण मिटकरी, रणजीतसिंह विजयसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश धोंडीराम राठौड़ और शशिकांत जयवंतराव शिंदे शामिल हैं।
आयोग ने कहा कि चुनाव के लिए अधिसूचना 23 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि नामांकन पत्रों की जाँच 2 मई को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 4 मई तय की गई है।








