लोकवाहिनी, एजेंसी:कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में रहने वाले गुंडों को छिपने की कोई जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने का आग्रह किया और कहा कि केंद्रीय बल ऐसे उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखेंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 कंपनियां तैनात की हैं। इन 2,450 कंपनियों में लगभग 2.5 लाख जवान शामिल हैं।
शाह ने बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से पहले शुभेंदु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम से सटे पूर्व मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर में अपनी अंतिम चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को ‘टा-टा, गुडबाय’ कहा। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, राज्य की बागडोर संभालने का उनका (ममता का) समय समाप्त हो गया है।











