लोकवाहिनी, एजेंसी:त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले के मुण्डथिकोड इलाके में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण यूनिट में भीषण विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब शहर में आयोजित होने वाले वार्षिक हिंदू मंदिर उत्सव ‘त्रिशूर पूरम’ की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है।
घटनास्थल पर पहुंचे राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के समय यूनिट में करीब 40 लोग काम कर रहे थे, क्योंकि आयोजकों द्वारा कर्मचारियों के लिए दोपहर का भोजन लाया गया था। अधिकारी ने कहा, हमें सूचना मिली है कि सात लोग वहां से भागने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट उस पटाखा इकाई में हुआ, जहां त्रिशूर पूरम के तिरुवंबाडी गुट के लिए आतिशबाजी के सैंपल तैयार किए जा रहे थे। इस घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 5 लोगों की हालत बहुत ही गंभीर बताई जा रही है।











