लोकवाहिनी संवाददाता:चंद्रपुर। वरोरा तहसील के बेलगांव गांव में पिछले कई दिनों से जारी भीषण जलसंकट को लेकर सोमवार को ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज महिलाओं ने उपविभागीय अधिकारी कार्यालय के सामने धरना आंदोलन करते हुए प्रशासन का घेराव किया। आंदोलन के दौरान एक महिला तहसील कार्यालय के पीछे स्थित टॉवर पर चढ़ गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, बेलगांव गांव की नलजल योजना पिछले कई दिनों से बाधित है, जिसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। महिलाओं को सुबह तड़के से पानी के लिए लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन कई बार उन्हें खाली बर्तन लेकर वापस लौटना पड़ता है। ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों के पास बार-बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी से नाराज होकर सोमवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण वरोरा स्थित उपविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंच गए। ‘पानी दो, पानी दो’, ‘हमें आश्वासन नहीं, पानी चाहिए’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आंदोलनकारियों ने मांग की कि गांव में तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी आपूर्ति शुरू की जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए।
उपविभागीय अधिकारी कार्यालय का घेराव, एक महिला टॉवर पर चढ़ी
तत्काल कदम उठाने का आश्वासन
आंदोलन के दौरान एक महिला विरोध स्वरूप तहसील कार्यालय के पीछे बने टॉवर पर चढ़ गई। महिला ने प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने तक नीचे न उतरने की चेतावनी दी, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा महिला को समझाने का प्रयास किया गया। स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया। काफी देर तक चली चर्चा के बाद प्रशासन ने जलसंकट दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने गांव में टैंकर के माध्यम से पानी आपूर्ति शुरू करने के संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक गांव में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बेलगांव में हुए इस आंदोलन ने एक बार फिर तालुका में गहराते जलसंकट के मुद्दे को प्रमुखता से सामने ला दिया है।








