साजिश: चाकू मार रहे को-पायलट से लड़े, इजराइल बोला- 9/11 जैसा हमला हो सकता था: फाइटर जेट की निगरानी में लैंडिंग
लोकवाहिनी संवाददाता
तेल अवीव। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से तेल अवीव जा रहे एक वाणिज्यिक विमान को भारतीय पायलट स्मित ने दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट को क्रैश होने से बचा लिया। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। विमान में 180 लोग सवार थे। इजराइली अधिकारियों ने बताया कि जिस साथी पायलट ने स्मित पर हमला किया, वह ओमान का नागरिक था। स्मित पर उनके साथी पायलट ने ही चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद स्मित उससे लड़ते रहे और बाकी यात्रियों की मदद से काबू पाया। इजराइली समाचार वेबसाइट वाईनेट ने बुधवार को यह खबर दी। वाईनेट ने इजराइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गये और बाद में इजराइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इस वजह से 1 मिनट के अंदर विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया। इसके बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया। इजराइल ने तुरंत फाइटर जेट्स रवाना किए। उनकी निगरानी में विमान का रास्ता बदला गया और सऊदी अरब के तबुक में उतरा, जहां नागरिक और सैन्य हवाई अड्डा है। इजराइल के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पायलट की हिम्मत ने बड़ी घटना टाल दी। वरना 2001 में हुए अमेरिका के 9/11 जैसी घटना हो सकती थी। हमलावर पर काबू पाने के बाद विमान में बैठे पैसेंजर्स ने ताली बजाकर खुशी मनाई।
इस फ्लाइट में ज्यादातर इजराइली पैसेंजर्स थे। घटना की जानकारी रखने वाले एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि विमान के कॉकपिट में संभवतः पायलटों के बीच झगड़ा हुआ था। अधिकारी ने कहा कि यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि झगड़े की वजह क्या थी। एक अन्य अधिकारी ने पुष्टि की कि इजराइल ने अपने लड़ाकू विमान रवाना कर दिया था, क्योंकि उसे विमान के अपहरण की आशंका थी। विमान में उसके कई नागरिक सवार थे। दोनों अधिकारियों ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर जानकारी दी। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल के दिनों में बिना कोई विशेष विवरण दिए सुरक्षा संबंधी बढ़े हुए खतरों को लेकर चेतावनी दी है।













