नई दिल्ली। हिंदी और कन्नड़ सिनेमा में मिंचिना ओटा, हंसगीते, अंकुर और मंथन जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को 2024 के दादा साहब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. सरकार ने बुधवार को यह घोषणा की. पांच दशकों के फिल्मी सफर में 250 से अधिक फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता अनंत नाग (78) रंगमंच की दुनिया की भी जानी-मानी शख्सियत हैं. उन्हें भारतीय सिनेमा के इस सर्वोच्च सम्मान से 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में नवाजा जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता को बधाई देते हुए कहा, ‘कई दशकों से उनके सहज अभिनय, उल्लेखनीय बहुमुखी प्रतिभा और असाधारण कौशल ने भारतीय सिनेमा, विशेषकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है. उन्होंने जिस भी भूमिका को निभाया, उसमें एक अनूठी गहराई और प्रामाणिकता का संचार किया है।’ उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, यह वास्तव में एक अत्यंत प्रतिष्ठित कलाकार के लिए पूरी तरह से एक सुयोग्य सम्मान है. पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने एक विज्ञप्ति में कहा, “दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर, भारत सरकार को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि अभिनेता को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और पीढ़ियों को प्रेरित करने वाले एक शानदार सिनेमार्इ सफर के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा.













