तेलंगाना के चार आरोपी गिरफ्तार
लोकवाहिनी संवाददाता:यवतमाल। भारतीय अर्थव्यवस्था और मुद्रा व्यवस्था की विश्वसनीयता को खतरे में डालने वाले एक बड़े नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश पुसद शहर पुलिस ने किया है। पुसद स्थित बिहार लॉज में चल रहे नकली नोट छापने के अवैध कारोबार पर पुलिस ने देर रात छापा मारकर तेलंगाना के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने नकली नोट, अत्याधुनिक प्रिंटिंग सामग्री और रासायनिक पदार्थों सहित कुल 2 लाख 880 रुपये का सामान जब्त किया है। इस घटना से पूरे यवतमाल जिले में सनसनी फैल गई है।
लॉज में देर रात पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार लॉज के एक कमरे में कुछ संदिग्ध लोग भारतीय मुद्रा की नकली नोटें छापने का अवैध काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुसद शहर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक सदानंद वानखेड़े और सहायक पुलिस निरीक्षक गोपाल इंद्राल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आधी रात को लॉज को घेर लिया। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो आरोपी 500 रुपये की नकली नोटों की हूबहू छपाई करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। मौके से पुलिस ने टिंचर आयोडीन, सोडियम थायोसल्फेट, स्पिरिट जैसे रसायन, हाई क्वालिटी कलर प्रिंटर, स्कैनर और विशेष प्रिंटिंग पेपर जब्त किए।
इस अंतरराज्यीय रैकेट मामले में पुलिस ने तेलंगाना राज्य के मंचरियल जिले के चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश किशन पेंद्राम (40), अविनाशकुमार सुरेंद्र मालराज (37), व्यंकटेश किशन जंगली (33) और सैय्यद साजिद सैय्यद खाजा (35) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत नकली मुद्रा तैयार करने, उसे अपने पास रखने और बाजार में चलाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ग्रामीण इलाकों में भी सक्रिय होने की आशंका
पुलिस कार्रवाई के बाद आशंका जताई जा रही है कि यवतमाल जिले के झरी-जामणी और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी नकली नोटों का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीण साप्ताहिक बाजारों, पेट्रोल पंपों और छोटे व्यापारियों की भीड़ का फायदा उठाकर 500 रुपये की नकली नोटें बाजार में चला रहे थे। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से नकदी लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करे।









