मोदी कैबिनेट के 6 बड़े फैसले, 39000 करोड़ का प्रावधान
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में 6 बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई है। इनमें 2 बड़े फैसले अहम हैं। सबसे बड़ा फैसला एटीएफ (एयर टर्बाइन फ्यूल) को लेकर है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पश्चिम एशिया संकट के कारण विमान ईंधन की कीमतों में आई भारी अस्थिरता को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों के लिए विमान ईंधन मूल्य स्थिरीकरण कोष को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आज कई अहम फैसले लिये गये।
फैसलों की जानकारी संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। एटीएफ समेत अन्य ऐलानों को लेकर सरकार ने कुल 39 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रावधान रखा है। वहीं, मोदी कैबिनेट ने दिल्ली में पुराने ट्रक और बसों को चलन से बाहर करने और कई बड़े हाइवे प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी है। कैबिनेट ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को एकमुश्त बजटीय सहायता प्रदान करने को मंजूरी दी है। इसके तहत यह मदद 10,000 करोड़ रुपये से अधिक नहीं होगी और इसका मकसद शेड्यूल्ड भारतीय एयरलाइंस को उनके घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन के लिए एटीएफ की कीमतों को स्थिर रखने में सहायता प्रदान करना है। दरअसल, पश्चिम एशिया संकट के कारण ईंधन की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव हुए हैं, इसलिए एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमतों को स्थिर बनाए रखने हेतु यह मदद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्रिमंडल की बैठक में देश के कई राज्यों में महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग 347-बी के 233 किलोमीटर लंबे हिस्से के उन्नयन पर चार हजार चार सौ पंद्रह करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। यह परियोजना बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगी। साथ ही तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग-63 और 563 के लगभग 191 किलोमीटर हिस्से को चार लेन में विकसित करने की मंजूरी दी गई है।










