दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
10 लाख का नुकसान, 20 लाख की संपत्ति बचाई
नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र स्थित वाठोडा इलाके की महाजनवाड़ी में संचालित महालक्ष्मी फ्लॉवर एंड डेकोरेशन नामक बिछायत केंद्र में शनिवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 15 मिनट के भीतर आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई के कारण आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में बिछायत केंद्र में रखा बड़ी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया। इसमें वीआईपी सोफे, प्लायवुड, कुर्सियां, सजावट का विभिन्न प्रकार का सामान तथा अन्य सामग्री शामिल है। इस आगजनी की घटना में लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि, अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। आग की लपटें पास स्थित रिहायशी इमारतों तक पहुंच सकती थीं, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इसके परिणामस्वरूप आसपास की इमारतों और अन्य संपत्तियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सुरक्षित बचा ली गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।










