पीएम मोदी बोले- 25 शहरों तक पहुंची मेट्रो, भारत बना दूसरा बड़ा मोबाइल निर्माता
लोकवाहिनी, संवाददाता
चेन्नई। तमिलनाडु के चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहरी विकास हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि शहरीकरण कोई चुनौती नहीं, बल्कि एक अवसर है। इस अवसर को साकार करने में सार्वजनिक परिवहन की अहम भूमिका है। बेहतर सार्वजनिक परिवहन से लोगों का जीवन आसान होता है। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल सड़कों को चौड़ा करना काफी नहीं है। आधुनिक शहरों के लिए हर तरह के बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है।
इसी सोच के साथ हमने पिछले एक दशक में देशभर में मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार करने पर ध्यान दिया है। 2014 में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं। आज देश के 25 शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में मैंने राज्यों की एक्सपेक्टेशन को समझा, इसलिए प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने न सिर्फ उस एस्पिरेशन को पूरा करने का प्रयास किया, बल्कि कोशिश भी की कि हर राज्य अपने एस्पिरेशंस गोल को पूरा कर सके। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिन तमिलनाडु के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। उन्होंने तमिलनाडु को शिव और शक्ति की भूमि बताते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने से पहले उन्हें जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री ने इस तीर्थभूमि से देशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। (पेज 6 पर)












