सीसीटीवी और गुप्त सूचना से पुलिस को सफलता
तीन अपराधों का पर्दाफाश, 50 हजार का माल बरामद
नागपुर के धंतोली पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित यशवंत स्टेडियम परिसर के भगवती मंदिर में हुई मंगलसूत्र चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने चोरी से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों का भी पर्दाफाश किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान हमीद शेख और सोहेल उर्फ लाला जावेद शेख के रूप में हुई है। पुलिस को मंदिर में चोरी की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साथ ही गुप्त सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मंदिर से चोरी किए गए सामान के बारे में जानकारी दी। उनके कब्जे से भगवती मंदिर से चोरी किए गए दो सोने के दोरले और छह मणी बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने एक चोरी की एक्टिवा वाहन तथा एक अन्य मंदिर से चोरी की गई दानपेटी भी जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल थे। उनकी निशानदेही पर तीन अलग-अलग अपराधों का खुलासा हुआ है।
धंतोली पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल तो नहीं रहे हैं।










