तहसील पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
नागपुर शहर के तहसील थाना क्षेत्र अंतर्गत गोळीबार चौक इलाके में घरफोड़ चोरी की एक घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता चैतन्य दामोदर निपाणे ने अपने घर को नीचे से बंद कर रखा था और रात के समय प्रथम मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के भीतर रखी लोहे की अलमारी को निशाना बनाते हुए चोरों ने उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान में लगभग 5 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, 10 ग्राम वजन की चांदी की चेन तथा 45 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल चोरी गए माल की कीमत लगभग 87 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तहसील पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।













