गुवाहाटी। असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के परिवार ने सिंगापुर में हुई उनकी मौत के संबंध में राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) में शिकायत दर्ज कराई है और घटना की गहन जांच की मांग की है।
गर्ग के करीबी रिश्तेदार मनोज कुमार बोरठाकुर ने बताया कि उन्होंने शनिवार को ईमेल के माध्यम से सीआईडी को शिकायत भेजी। उन्होंने कहा, “हम उनकी मौत की परिस्थितियों की गहन और निष्पक्ष जांच चाहते हैं।”
शिकायत पर हस्ताक्षर करने वालों में मनोज के अलावा गर्ग की पत्नी गरिमा और उनकी बहन पाल्मे बोरठाकुर भी शामिल हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमें परिवार से शिकायत मिली है और हम उस पर गंभीरता से गौर कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि सीआईडी का विशेष जांच दल (एसआईटी) पहले ही 19 सितंबर को सिंगापुर में जुबिन गर्ग की मौत से जुड़ी घटनाओं की जांच कर रहा था। अब परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत को उसी जांच में शामिल किया जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि एसआईटी की एक टीम रविवार को गुवाहाटी के काहिलीपाडा इलाके में गर्ग के आवास पर गई थी। “हमने परिवार से कुछ जरूरी जानकारियां हासिल कीं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि मामले की पूरी गहनता से जांच की जा सके।”









